
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से वीआईपी कल्चर पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे के दौरान एक बंद सहकारी बैंक का ताला खुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे मुरैना के जीवाजीगंज क्षेत्र में सेवा सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे श्याम टेलर का काफिला कार्यक्रम स्थल से पहले एक सहकारी बैंक के सामने रुका। इसके बाद बैंक के मुख्य गेट और अंदर के ताले खुलवाए गए।
ताला खुलने के बाद श्याम टेलर अपने कुछ साथियों के साथ बैंक परिसर में गए और थोड़ी देर बाद बाहर आ गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने शौचालय उपयोग के लिए बैंक खुलवाया, जबकि कार्यक्रम स्थल पर शौचालय की सुविधा पहले से उपलब्ध थी और वह बैंक के काफी नजदीक भी था।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। लोग इसे वीआईपी कल्चर का उदाहरण बताते हुए सवाल उठा रहे हैं कि आखिर आम लोगों के लिए बंद रहने वाली जगहें खास लोगों के लिए कैसे खोली जा रही हैं।
#VIPCulture #Morena #MadhyaPradesh #ShyamTailor #BJYM #ViralVideo #PoliticalNews #IndiaNews #BreakingNews

हिन्दी














