
धनबाद मंडल द्वारा बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय खोलने हेतु एनओसी जारी पूर्व मध्य रेल (ECR) के धनबाद मंडल ने दूरस्थ रेलवे क्षेत्रों में शैक्षिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय (KV) खोलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। केंद्रीय विद्यालय, बरवाडीह के शीघ्र संचालन को सुनिश्चित करने हेतु रेलवे द्वारा अपने नियमों के अनुरूप आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। प्रारंभिक व्यवस्था के रूप में विद्यालय को रेलवे के मौजूदा स्कूल भवन में संचालित किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक भवन संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। विद्यालय के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों की दिशा में भी समुचित कदम उठाए गए हैं, जिनमें अग्नि सुरक्षा उपायों की व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। रेलवे कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए इस पहल को केंद्रीय स्टाफ लाभ निधि (CSBF) के अंतर्गत समर्थन प्रदान किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में मुख्यालय हाजीपुर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। महाप्रबंधक महोदय के निर्देशों का त्वरित अनुपालन करते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए आवश्यक एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। बरवाडीह जैसे दूरस्थ क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के बच्चों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा। इस पहल से बरवाडीह के रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों में हर्ष का वातावरण है, क्योंकि अब उनके बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। धनबाद मंडल अपने कर्मचारियों के कल्याण एवं समाज के व्यापक हित में इस प्रकार की जनोपयोगी पहलों के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।












