
कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश
(प्रेस विज्ञप्ति)
कानपुर नगर/लखनऊ: 13 मार्च, 2026
जनपद कानपुर नगर भ्रमण के दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
सर्वप्रथम जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में सरसैया घाट स्थित सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों, नोटिस सुनवाई की प्रगति, बुक ए कॉल विद बीएलओ तथा एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण, नोटिस सुनवाई स्थल की व्यवस्थाओं आदि के संबंध में समीक्षा की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद कानपुर नगर में अवस्थित समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की दिनांक 06.01.2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में कुल 26,36113 लाख मतदाता सम्मिलित हैं, जिसमें से कुल 2,07,661 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में तथा कुल 3,99,652 लाख मतदाता तार्किक विसंगति श्रेणी में है। इस प्रकार कुल 6,07,313 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किये गये हैं। जारी किये गये नोटिसों में से 98.38 प्रतिशत नोटिस बी० एल०ओ० द्वारा मतदाताओं को प्राप्त कराये जा चुके हैं, जिनमें से 97.56 प्रतिशत नोटिस सुनवाई सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा पूर्ण कर ली गई है।
सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग एरिया स्पष्ट रूप से निर्धारित करें, जिससे कोई क्षेत्र छूटे नहीं और किसी क्षेत्र में ओवरलैपिंग भी न हो। इससे बूथ लेवल अधिकारियों को अपने बूथ क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने में सुविधा होगी और कोई भी पात्र नागरिक इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहेगा।
बुक ए कॉल विद बीएलओ सेवा की भी समीक्षा की गई। जनपद में इस सेवा के अन्तर्गत 12 मार्च तक 29,535 नागरिकों से बीएलओ द्वारा निर्धारित 48 घंटे की समयावधि में संपर्क स्थापित किया गया। इसी प्रकार एनजीएसपी में भी 12 मार्च तक जनपद में प्राप्त 4,369 शिकायतों में कोई भी प्रकरण डिफाल्ट श्रेणी में नहीं है।
समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी राजनैतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाएं, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रह जाए।
बैठक में मंडलायुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
सरसैया घाट स्थित सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में आ रही समस्याओं एवं सुधार हेतु सुक्षाव आमंत्रित किये। उपस्थित जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया और उनके निस्तारण के लिए संबधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उचित मार्गदर्शन के साथ तत्काल निर्देशित करते हुए समुचित समाधान हेतु आश्वासन भी दिया गया।
जनप्रतिनिधियों में क्रमशः भारतीय जनता पाटी से श्री गणेश शुक्ला, श्री अनिरूद्ध कुमार शुक्ला, श्री अवधेश सोनकर, इण्डियन नेशनल काग्रेस से शंकर दत्त मिश्रा, बहुजन समाज पार्टी से श्री दीपक गौतम, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया से श्री उमाकान्त, आम आदमी पार्टी से श्री नरेश अग्रवाल, समाजवादी पार्टी से श्री के०के० शुक्ला, अपना दल (सोनेलाल) से श्री मनोज कटियार द्वारा प्रतिभाग किया गया। जनप्रतिनिधयों द्वारा जनपद कानपुर नगर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में आ रही समस्याओं के विषय में विस्तृत चर्चा की गई।
भारतीय जनता पार्टी के श्री गणेश शुक्ला द्वारा महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में राजपुरम सोसाइटी में फार्म 6 न भरे जाने की बात उठाई गई जिस पर ई०आर०ओ 217- महाराजपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र द्वारा अवगत कराया गया कि वहाँ पर बीएलओं को भेज कर फार्म भराये जाने का कार्य गतिमान हैं। इसी प्रकार चिश्तीनगर में भी फार्म-6 भरवाए जाने की बात उठाई गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 3 दिवस के अंदर समस्या का समाधान कर अवगत कराये जाने के निर्देश दिए गए। उक्त के अतिरिक्त श्री शुक्ल द्वारा 216-कानपुर कैण्ट विधानसभा में बूथों के हाईवे के दोनों तरफ होने की बात कही गई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिपादित सिद्धान्तों के आलोक में ई०आर०ओ 216-कैण्ट को शीघ्र समस्या के निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि श्री दीपक गौतम द्वारा काशीराम कालोनी कल्यानपुर में पते के प्रमाणिक साक्ष्य के अभाव में फार्म 6 न भरे जाने की बात कही गई, जिस पर ई०आर०ओ 211 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र कल्यानुपर को निर्देशित किया गया कि नियमों के आलोक में तत्काल समस्या का समाधान किया जाए।
कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया (एम) के श्री उमाकांत व समाजवादी पार्टी के श्री के०के० शुक्ला द्वारा विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया गया कि मतदाता सूची में सभी परिवारों को एक साथ रखा जाए, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी ई०आर०ओ को अनुभाग सृजन की कार्यवाही पर विशेष ध्यान देते हुए निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये गये।
भारतीय जनता पाटी के श्री अनिरूद्ध कुमार शुक्ला द्वारा 209 बिल्हौर की भाग स० 331 और 332 में बड़ी संख्या में बीएलओ द्वारा फार्म-8 भरवाने की बात कही गई जिससे कि परिवार के सभी मतदाता एक बूथ पर आ जाये। इस पर निर्देशित किया गया कि सम्भाजन के माध्यम से इसका निराकरण कराया जाए।
मीडिया से वार्ता
सरसैया घाट स्थित सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 से संबंधित प्रेस वार्ता की गई। इस अवसर पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पत्रकार बंधुओ को संपूर्ण एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी गयी और अब तक की प्रगति से उनको अवगत कराते हुए बताया कि राज्य स्तर पर नोटिसों की सुनवाई का कार्य 98.27 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जनपद कानपुर नगर में भी नोटिसों की सुनवाई 97.56 प्रतिशत पूर्ण की जा चुकी है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में 4 नवंबर से 26 दिसंबर 2025 तक गणना चरण संचालित किया गया। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में लगभग 15 करोड़ 44 लाख मतदाता दर्ज थे। सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र तैयार कर बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से घर-घर पहुंचाए गए और आवश्यक विवरण प्राप्त किए गए।
गणना चरण के पश्चात 6 जनवरी, 2026 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं के नाम शामिल रहे। लगभग 2 करोड़ 89 लाख नाम विभिन्न कारणों से सूची से बाहर हुए, जिनमें मृतक मतदाता, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम, स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता तथा अनुपस्थित पाए गए मतदाता शामिल हैं।
मसौदा मतदाता सूची में लगभग 1 करोड़ 4 लाख मतदाताओं के मामलों में मैपिंग नहीं पाई गई, जबकि लगभग 2 करोड़ 22 लाख मामलों में तार्किक विसंगतियां सामने आईं। ऐसे सभी मामलों में नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई गई। अभी तक 98.27 प्रतिशत प्रकरणों की सुनवाई की जा चुकी है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा।
बीएलओ के साथ संवाद तथा सम्मान कार्यक्रम
छत्रपति शाहू जी महराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों के संबंध में संवाद करते हुए कार्य में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों को जानने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर बीएलओ और सुपरवाईज़रों से सीधा संवाद कर अभियान से जुड़े अनुभव और फीडबैक भी प्राप्त किए गए।
संवाद के दौरान किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 72 के बीएलओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने बूथ के मतदाताओं का एक व्हाट्सएप समूह बनाकर आवश्यक सूचनाएं साझा कीं और घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का विवरण एकत्र किया, जिससे कार्य समय से पूरा करने में सहायता मिली। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 384 के प्रथम बार नियुक्त बीएलओ अंकित पटेल ने बताया कि प्रारंभ में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कार्य सरलता से पूरा हो गया। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 115 के बीएलओ रवि कुमार ने कहा कि चुनौतियों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए कार्य किया और मतदाताओं का भी भरपूर सहयोग मिला। बीएलओ सोनिया गुप्ता, रमेश कुमार सचान, विनय कुमार तथा सुपरवाइजर विशाल यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए।
संवाद कार्यक्रम के समापन के दौरान सभा को संम्बोधित करते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफलतापूर्वक समापन हेतु सभी छोटे-छोटे बिन्दुओं जैसे वेल डिफाइन्ड एरिया ऑफ बूथ, बूथ एरिया का नॉन ओवरलैपिंग होना तथा डाटा फीडिंग में 100 प्रतिशत लिपिकीय शुद्वता का ध्यान रखते हुए ई0आर0ओ, सुपरवाइजरों तथा बीएलओं को संयुक्त टीम बनाकर कार्य करने की प्रेरणा दी गई। अंत में सभी को बधाई देते हुए बी0एल0ओ0 को तनाव मुक्त रहते हुए निरंतर कार्य करने के लिये प्रेरित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 बूथ लेवल अधिकारियों तथा 20 बीएलओ सुपरवाईज़रों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित बीएलओ और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
@ECISVEEP
@SpokespersonECI
@PTI_News
@ians_india
@ANI
@PIB_India
@DDNewsUP
@AIRNewsHindi



हिन्दी













